Giridih Kidnapping Case : गिरिडीह जिले में हुए अपहरण कांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 24 मई की शाम गांडेय थाना क्षेत्र के पाण्डेयडीह निवासी इकबाल अंसारी ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके चचेरे भाई तसलीम अंसारी (35) का खंडोली के पास कुछ अपराधियों ने मोटरसाइकिल समेत अपहरण कर लिया है। आरोपियों द्वारा फिरौती की मांग भी की जा रही थी।
एसपी के निर्देश पर बनी SIT, जंगल से युवक बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार के निर्देश पर तत्काल विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चुंजका जंगल स्थित चांदना मोड़ से अपहृत तसलीम अंसारी को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में मोहम्मद सोहेल (20), आदिल अंसारी (19), समीर अंसारी (24), अफरोजी शाह (19) और इरशाद अंसारी (28) शामिल हैं।
10 लाख की फिरौती मांगी, QR कोड से वसूले 24 हजार रुपये
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने अपहरण के बाद पीड़ित से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। इतना ही नहीं, क्यूआर कोड के जरिए 24 हजार रुपये ट्रांसफर भी करवा लिए गए थे।
जांच के दौरान दो अन्य आरोपियों — राजा और जाफर उर्फ छछुआ — के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मोटरसाइकिल और मोबाइल समेत कई सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल, ओप्पो रेनो और वीवो Y-28 मोबाइल फोन के साथ अपहृत युवक की बाइक भी बरामद की है। इस मामले में बंगाबाद थाना कांड संख्या 87/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान में मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्यामकिशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, पचम्बा अंचल पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन कुमार और बंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह सहित कई पुलिस अधिकारियों की अहम भूमिका रही।
