रांची प्रेस क्लब में दिवंगत प्रो. (डॉ.) वेद प्रकाश शरण को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि

Dayanand Roy
2 Min Read

रांची : वरिष्ठ पत्रकार और शिक्षाविद दिवंगत प्रो. (डॉ.) वेद प्रकाश शरण को शुक्रवार को रांची प्रेस क्लब में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए दिन करीब 12 बजे से 12.30 बजे तक रांची प्रेस क्लब परिसर में रखा गया, जहां बड़ी संख्या में पत्रकारों, बुद्धिजीवियों और शुभचिंतकों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में रांची प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष पद्मश्री बलबीर दत्त, वरिष्ठ पत्रकार बैजनाथ मिश्र, अनुज कुमार सिन्हा, वाईएन झा, अनिल कुमार सिंह, रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी, सचिव अभिषेक सिन्हा, कोषाध्यक्ष कुबेर, संयुक्त सचिव चंदन भट्टाचार्य, कार्यकारिणी सदस्य अशोक गोप, प्रतिमा कुमारी, निर्भय कुमार, चंदन वर्मा, पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह, पूर्व सचिव अमरकांत, पूर्व कोषाध्यक्ष सुशील सिंह ‘मंटू’, नवल किशोर सिंह, प्रभात कुमार सिंह, राजेश तिवारी, आलोक सिन्हा, विजय मिश्रा, राकेश सिंह, देवेंद्र सिंह, अशोक द्विवेदी, रविचंद कपूर, जावेद अख्तर, रंजीत कुमार सहित कई पत्रकार मौजूद थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने भी रांची प्रेस क्लब पहुंचकर दिवंगत प्रो. शरण को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। पद्मश्री बलबीर दत्त, बैजनाथ मिश्र, अनुज कुमार सिन्हा, शंभु नाथ चौधरी, अभिषेक सिन्हा और अमरकांत ने अपने वक्तव्यों में रांची प्रेस क्लब की स्थापना, उसके निर्माण और पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रो. (डॉ.) वेद प्रकाश शरण के योगदान को याद किया।

श्रद्धांजलि सभा के बाद उनकी अंतिम यात्रा हरमू मुक्तिधाम के लिए रवाना हुई, जहां उनके भतीजे ने उन्हें मुखाग्नि दी। प्रो. (डॉ.) वेद प्रकाश शरण का निधन गुरुवार तड़के करीब 3 बजे रांची के दीपाटोली स्थित एक निजी अस्पताल में हो गया था। वे 80 वर्ष के थे। परिजनों के अनुसार वे वर्ष 2021 से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और लंबे समय से उपचाररत थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *