Ramgarh News : रामगढ़ जिले के गढ़बांध स्थित दामोदर नदी में रविवार सुबह नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। फुटबॉल खेलने की बात कहकर घर से निकले दो किशोर नदी में डूब गए, जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की तलाश अब भी जारी है। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 14 से 15 वर्ष की उम्र के तीन किशोर रविवार सुबह घर से फुटबॉल खेलने की बात कहकर निकले थे। बताया जा रहा है कि तीनों गढ़बांध के पास दामोदर नदी पहुंचे और नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
हादसे में बंगाली टोला निवासी एक किशोर किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया और उसने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। किसान नगर निवासी प्रिंस सोनकर को पानी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, वैभव नामक किशोर का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। उसकी तलाश के लिए पतरातू से गोताखोरों की टीम लगाई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी का यह हिस्सा काफी गहरा है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
