रांची में होमगार्ड अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, JLKM ने DC कार्यालय का किया घेराव

रांची में होमगार्ड भर्ती रिजल्ट में देरी के खिलाफ अभ्यर्थियों ने JLKM के नेतृत्व में DC कार्यालय का घेराव किया, प्रशासन ने जून अंत तक पारदर्शी रिजल्ट जारी करने का भरोसा दिया।

Dayanand Roy
2 Min Read

Ranchi Home Guard Recruitment : होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी के खिलाफ शनिवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने अभ्यर्थियों के समर्थन में रांची DC कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में विलंब को लेकर नाराजगी जताई और सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।

मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में अभ्यर्थियों ने मोरहाबादी मैदान से पदयात्रा निकाली। बापू वाटिका में महात्मा गांधी को माल्यार्पण करने के बाद यात्रा रेडियम रोड और कचहरी चौक होते हुए समाहरणालय भवन पहुंची। इस दौरान भारी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया।

चार घंटे तक DC कार्यालय का घेराव

समाहरणालय पहुंचने के बाद अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर करीब चार घंटे तक मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की। कई दौर की बातचीत की कोशिशों के बावजूद अभ्यर्थी उपायुक्त से सीधे वार्ता की मांग पर अड़े रहे।

अंततः देर शाम देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की उपायुक्त से मुलाकात हुई। वार्ता के दौरान उपायुक्त ने बताया कि फिजिकल परीक्षा के मास्टर चार्ट में कथित छेड़छाड़ और कुछ अभ्यर्थियों के स्थानीय प्रमाण पत्र फर्जी होने की शिकायतों की जांच चल रही है।

जून अंत तक रिजल्ट जारी करने का भरोसा

उपायुक्त ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि सभी जांच प्रक्रियाएं जून माह के अंत तक पूरी कर ली जाएंगी और पारदर्शी तरीके से रिजल्ट प्रकाशित किया जाएगा। साथ ही अभ्यर्थियों की मांगों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा भी दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

रांची जिला में विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत 1614 होमगार्ड पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए थे। शारीरिक दक्षता परीक्षा अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच पूरी हो चुकी है, लेकिन पांच महीने बीत जाने के बाद भी रिजल्ट जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर शनिवार को आंदोलन किया गया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *