Pakur News : पाकुड़ जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित सितेशनगर में शनिवार को एक खेत से दो लोगों के शव बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय नूरुद्दीन शेख और 45 वर्षीय मोती शेख के रूप में हुई है। दोनों सितेशनगर के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मामले के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों मृतक शराब पीने के आदी थे और अक्सर साथ में खेत की ओर जाकर शराब का सेवन किया करते थे। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे दोनों घर से निकले थे, जिसके बाद देर शाम खेत में उनके शव पाए गए।
पुलिस की शुरुआती जांच में अत्यधिक शराब सेवन, नकली शराब या किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।
