
रांची : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 125वीं पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
इस मौके पर गांडेय विधायक और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने भी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने के बाद सीएम हेमंत ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा – धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें।
उनके बलिदान दिवस पर उन्हें शत-शत नमन। झारखंड के वीर शहीद अमर रहें, जय बिरसा, जय झारखंड। भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज उनकी 125वीं पुण्यतिथि है जो झारखंड के जनमानस के लिए बहुत मायने रखता है।
दुख केवल इस बात का है कि भगवान बिरसा मुंडा हमारे बीच नहीं हैं। लेकिन इस बात का गर्व है कि उन्होंने झारखंड के जल, जंगल और जमीन के लिए बलिदान दिया। झारखंड सदैव ऐसे वीरों को नमन करेगा।



