सीबीआई ने नीट अभ्यर्थियों से ठगी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया

Dayanand Roy
2 Min Read

नयी दिल्ली : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2025 के अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से ठगी के आरोप में महाराष्ट्र से दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों व्यक्तियों ने दावा किया था कि वे अंकों में हेरफेर कर सकते हैं, और इसके लिए वे प्रति उम्मीदवार 90 लाख रुपये वसूल रहे थे।

आरोपियों ने अभिभावकों को यह भी आश्वासन दिया कि परिणाम की आधिकारिक घोषणा से छह घंटे पहले बढ़े हुए अंकों का विवरण दे देंगे। सीबीआई को सूचना मिली कि एक आरोपी मुंबई के परेल स्थित होटल आईटीसी ग्रैंड सेंट्रल में अभिभावकों से मिल रहा था। सीबीआई ने 9 जून को मुख्य आरोपी को मुंबई से और 10 जून 2025 को सह-आरोपी को महाराष्ट्र के सांगली जिले से गिरफ्तार किया।

दोनों को मुंबई की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया, जहां 13 जून 2025 तक पुलिस हिरासत दी गई, जिसे बाद में 16 जून 2025 तक बढ़ा दिया गया। जांच में अब तक एनटीए या किसी सरकारी अधिकारी की संलिप्तता का कोई सबूत नहीं मिला है।

आरोपियों ने एनटीए के नाम का दुरुपयोग कर अभिभावकों को गुमराह किया। सीबीआई ने कहा कि यह मामला शिक्षा के क्षेत्र में होने वाले फर्जीवाड़े की गंभीरता को दर्शाता है।

एजेंसी अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है और अभिभावकों से ऐसी ठगी से सावधान रहने की अपील की है। जांच जारी है और सीबीआई दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *