दिल्ली के अशोक विहार और वजीरपुर इलाके में चला बुलडोजर

Dayanand Roy
2 Min Read

नयी दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के अशोक विहार और उत्तर दिल्ली के वजीरपुर इलाके में प्राधिकारियों ने सोमवार को भारी पुलिस तैनाती के बीच ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पश्चिम) भीष्म सिंह ने बताया, ‘‘अशोक विहार में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जा रहा है। वहां करीब 250 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है।’’

अधिकारियों ने बताया कि विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का एक दल सोमवार सुबह ध्वस्तीकरण अभियान के लिए खुदाई वाली मशीनें लेकर अशोक विहार के जेलर वाला बाग इलाके में पहुंचा।

उन्होंने बताया कि वहां सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए गए 200 से अधिक मकानों को ध्वस्त किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि वजीरपुर में एक रेलवे लाइन के समीप भी अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए ऐसा ही अभियान शुरू किया गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘दिल्ली पुलिस कर्मियों के साथ अर्द्धसैन्य बल की दो कंपनी मौके पर मौजूद हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कानून एवं व्यवस्था की स्थिति भंग न हो।’’

इस महीने इलाके में यह दूसरा ध्वस्तीकरण अभियान है।

दो जून को ध्वस्तीकरण अभियान के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा था, ‘‘अगर किसी रेलवे लाइन पर अतिक्रमण किया जाता है और कोई दुर्घटना हो जाती है तो कौन जिम्मेदार होगा?’

पिछले कुछ सप्ताहों में दक्षिण-पूर्व दिल्ली में भूमिहीन कैंप और मद्रासी कैंप में भी ऐसे ही अभियान चलाए गए हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *