घाटशिला को बनायेंगे मॉडल विधानसभा, बड़े जनादेश के साथ लेंगे विजय का प्रमाणपत्र : सुप्रियो भट्टाचार्य

Dayanand Roy
2 Min Read

सुबह सात बजे से वोट करेगी घाटशिला की जनता

अनगाइडेड मिसाइल है विपक्ष के प्रत्याशी, उसी के खिलाफ जनादेश आयेगा

रांची : झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने घाटशिला उपचुनाव में गठबंधन उम्मीदवार सोमेश सोरेन की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को बड़े जनादेश के साथ जीत का प्रमाणपत्र लेंगे।

चुनाव जीतने के बाद घाटशिला को मॉडल विधानसभा बनाया जायेगा। उन्होंने पार्टी के हरमू स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि 11 नवंबर को सुबह सात बजे से घाटशिला की जनता वोट करेगी।

हमें यकीन है कि चुनाव में दस महीने पहले जनता ने जिस प्रकार झामुमो को अपना आशीर्वाद दिया था उनका रिनुअल इस उपचुनाव में होगा। उन्होंने कहा कि वहां चुनाव लड़ रहे विपक्ष के सभी 12 उम्मीदवार हताश हैं और अनगाइडेड मिसाइल की तरह काम कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि घाटशिला उपचुनाव के नतीजे राजनीतिक दशा और दिशा भी तय करेंगे।

वहां का सबसे बड़ा इलाका बांग्लाभाषी है। उनकों सांप्रदायिकता से जोड़ दिया गया। उनको बांग्लादेशी कहा गया। राज्य में जहां-जहां बांग्लादेशी हैं उनका अपमान किया जा रहा है। वहां जो सांप्रदायिक विभाजन की कोशिश की गयी, उसके खिलाफ जनादेश आयेगा और बड़ा जनादेश आयेगा।

उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरे के खिलाफ जमकर वोट करें। बिहार चुनाव के बाबत उन्होंने कहा कि वे चुनाव के लिए गठबंधन को शुभकामनाएं दे रहे हैं।

वहां एनडीए के तीन और चेहरे हैं, जिनमें से ए सीबीआई है, बी ईडी है और सी चुनाव आयोग है। यदि एनडीए के एबीसी ने काम नहीं किया तो तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे इसमें कोई शंका नहीं है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *