योग दिवस से पहले पाकुड़ में जागरूकता की दौड़, ‘रन फॉर योग’ रैली से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले पाकुड़ में ‘रन फॉर योग’ रैली निकाली गई। प्रतिभागियों ने योग अपनाने और स्वस्थ, संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

Dayanand Roy
3 Min Read

International Yoga Day : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन से पहले पाकुड़ में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को भव्य ‘रन फॉर योग’ रैली निकाली गई। जिला आयुष समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में आयुष विभाग के चिकित्सकों, योग प्रशिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से लोगों को नियमित योगाभ्यास अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने का प्रयास किया गया।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “योग अपनाओ, स्वस्थ जीवन पाओ” और “करे योग, रहे निरोग” जैसे संदेशों के माध्यम से आम लोगों को योग के महत्व से अवगत कराया। शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली इस जागरूकता रैली में स्वास्थ्य, फिटनेस और मानसिक संतुलन बनाए रखने में योग की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बिपिन चंद्र गुप्ता ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल तनाव को कम करता है बल्कि रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी मददगार साबित होता है।

उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास और विभिन्न स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सुजीत कुमार चौहान ने बताया कि योग दिवस को सफल बनाने के लिए जिले के विभिन्न विद्यालयों, सरकारी संस्थानों और आउटरीच केंद्रों में विशेष योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही जन-जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को योग के लाभों की जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम में डॉ. कुलेश कुमार, डॉ. अबू तालीब शेख, डॉ. सौरभ विश्वास सहित कई योग प्रशिक्षक, प्रशिक्षिकाएं और आयुष विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *