Bokaro News: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बालीडीह थाना में पदस्थापित एएसआई मो. याकूब अंसारी को 5,000 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी को शिकायतकर्ता से घूस लेते समय एसीबी की टीम ने धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने रांची स्थित ACB मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बालीडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर इलाके में 13 डिसमिल जमीन कब्जा, लूट और धमकी से जुड़े मामले को लेकर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिया था। इसके अलावा उसने एसडीपीओ चास, बोकारो एसपी और डीसी से भी न्याय की गुहार लगाई थी।
जांच के नाम पर मांगे थे ‘खर्चा-पानी’
मामले की जांच बालीडीह थाना में पदस्थापित एएसआई मो. याकूब अंसारी को सौंपी गई थी। आरोप है कि जांच के दौरान उन्होंने शिकायतकर्ता से “खर्चा-पानी” के नाम पर 5,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
पीड़ित रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने मामले की जानकारी ACB को दी।
नया मोड़ के पास जाल बिछाकर की गिरफ्तारी
शिकायत मिलने के बाद ACB अधिकारियों ने पहले मामले का सत्यापन किया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने जाल बिछाया।
मंगलवार को तय समय पर बोकारो के नया मोड़ स्थित एक फल दुकान के सामने जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी ASI को रिश्वत की रकम दी, मौके पर मौजूद ACB टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
धनबाद ACB कार्यालय में होगी पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद आरोपी एएसआई को पूछताछ के लिए धनबाद स्थित ACB कार्यालय ले जाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
