कपाली में लापता फेरीवाले का अधजला शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

कपाली में दो दिनों से लापता फेरीवाले मोहम्मद मुस्तकीम का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। अंगूठी से पहचान हुई, जबकि परिजनों ने हत्या कर शव जलाने की आशंका जताई।

Dayanand Roy
2 Min Read

Saraikela Kharsawan News : कपाली ओपी क्षेत्र में मंगलवार को एक अधजला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। 52 बीघा के समीप जंगली इलाके में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 40 वर्षीय मोहम्मद मुस्तकीम के रूप में हुई है, जो सालबागान वार्ड-11 स्थित गौसनगर का निवासी था।

जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद मुस्तकीम पिछले दो दिनों से लापता था। रविवार से घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था।

अंगूठी से हुई पहचान

स्थानीय लोगों ने मंगलवार को जंगलनुमा इलाके में एक बुरी तरह जला हुआ शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। शव इतना अधिक जला हुआ था कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया था। हालांकि, मृतक के हाथ में पहनी अंगूठी के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान मोहम्मद मुस्तकीम के रूप में की।

बताया जा रहा है कि मृतक फेरी का काम करता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी और एक नाबालिग बेटा है।

हत्या कर शव जलाने की आशंका

स्थानीय लोगों और परिजनों ने घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई है। आशंका है कि पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया होगा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।

घटना के बाद कपाली इलाके में दहशत का माहौल है। लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *