कपाली गोलीकांड का मुख्य आरोपी अशफाक बंगाल से गिरफ्तार, जमीन विवाद में की थी फायरिंग

कपाली गोलीकांड के मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू को सरायकेला पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया। जमीन विवाद में हुई फायरिंग मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Dayanand Roy
2 Min Read

Kapali Firing Case : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल (कपाली ओपी क्षेत्र) में हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मामले के मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू (42 वर्ष) को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया रोड (बड़ाबाजार) से गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को कागजी कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने इस पूरे मामले का खुलासा किया।

एसडीपीओ ने बताया कि यह घटना बीते 2 जून की दोपहर करीब एक बजे की है, जब इस्लामनगर में अफसर नवाज नामक व्यक्ति अपनी जमीन पर काम करवा रहे थे। इसी दौरान जमीन विवाद को लेकर उन पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। घटना के बाद कपाली ओपी में नए कानून के तहत कांड संख्या- 80/2026, धारा 115(2)/126(2)/109/308(5)/3(5) BNS 2023 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

सीसीटीवी और टेक्निकल सेल से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों व गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी को पश्चिम बंगाल से धर दबोचा। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी ‘बल्लू’ का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें साल 2022 का एक गंभीर मामला दर्ज है।

“मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”

कार्रवाई करने वाली टीम में ये थे शामिल

इस सफल छापेमारी टीम में कपाली ओपी प्रभारी रंजन कुमार के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह, हीरालाल मुंडू, बिपुल कुमार तिवारी, दस्तगीर आलम और कई अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। फिलहाल पुलिस इस कांड से जुड़े अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *