हजारीबाग में युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल, हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने किया सड़क जाम

हजारीबाग के हुटपा में युवक चीकू वर्मा की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क जाम किया और निष्पक्ष जांच व मुआवजे की मांग उठाई।

Dayanand Roy
2 Min Read

Hazaribagh News : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हुटपा में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमृत नगर निवासी चीकू वर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की, जबकि पुलिस प्रारंभिक तौर पर मामले को दुर्घटना से जुड़ा मान रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए आरोप लगाया कि चीकू वर्मा की हत्या की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान और कार्रवाई की मांग की।

मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया। पोस्टमार्टम के बाद लोगों ने नूतन नगर चौक पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर कई घंटों तक जाम लगाया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मामले पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत होता है। हालांकि, परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच करेगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देर शाम तक प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने और सड़क जाम समाप्त कराने के प्रयास में जुटे रहे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *