जमशेदपुर में अवैध हथियार सप्लाई गैंग का भंडाफोड़, लोडेड पिस्टल के साथ दो गिरफ्तार

जमशेदपुर के जुगसलाई में पुलिस ने अवैध हथियार सप्लाई गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में लोडेड देसी पिस्टल, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए।

Dayanand Roy
2 Min Read

Jamshedpur News : जमशेदपुर शहर में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक लोडेड देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में पुलिस को एक बड़े हथियार तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है।

जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी में अवैध हथियार की डिलीवरी की जानी है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने जुगसलाई स्थित रेलवे पुल के नीचे छापेमारी कर हथियार सप्लायर जाहिद हुसैन उर्फ विक्की (25) और खरीदार मो. रेहान हुसैन (19) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अवैध हथियार कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

आरोपियों की निशानदेही पर रेलवे पुल के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एक लोडेड देसी पिस्टल बरामद की गई। पुलिस ने मौके से जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह 40 हजार से 60 हजार रुपये के बीच देसी पिस्टल की खरीद-बिक्री करता था। पूछताछ में जाहिद ने बताया कि वह हथियार सप्लायर और खरीदारों के बीच बिचौलिए की भूमिका निभाता था।

पुलिस का मानना है कि यह मामला एक संगठित हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

नोट: पुलिस जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ आरोप अभी न्यायालय में सिद्ध होना बाकी हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *