राज्यपाल संतोष गंगवार ने भरा SIR फॉर्म, लोगों से समय पर मतदाता सत्यापन कराने की अपील

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत SIR फॉर्म भरकर मतदाताओं से समय पर सत्यापन कराने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की।

Dayanand Roy
2 Min Read

Santosh Kumar Gangwar : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में हिस्सा लेते हुए स्वयं गणना (एन्यूमरेशन) प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को सौंपा। इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से समय पर अपनी जानकारी का सत्यापन कराने की अपील की।

लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने 63-रांची विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-16 की बूथ लेवल अधिकारी मंजू कच्छप को हस्ताक्षरित प्रपत्र सौंपा। इस मौके पर झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार, रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) सह अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत भी मौजूद रहे।

राज्यपाल ने कहा कि मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जब बूथ लेवल अधिकारी उनके घर पहुंचें, तो वे आवश्यक जानकारी सही तरीके से भरकर हस्ताक्षर सहित निर्धारित समय पर प्रपत्र वापस करें।

उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज रहेगा और भविष्य में मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

राज्यपाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जनभागीदारी से यह अभियान सफल होगा और लोकतांत्रिक व्यवस्था और मजबूत बनेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *