Monsoon Superfruit: मानसून और उसके बाद के मौसम में बाजार में मिलने वाली नाशपाती स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल है। यह रसदार फल शरीर को जरूरी पोषक तत्व देने के साथ कई बीमारियों से बचाने में भी मदद करता है। विटामिन C, विटामिन K, पोटैशियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर नाशपाती को रोजाना की डाइट में शामिल करना बेहद लाभदायक माना जाता है। अधिक फायदा पाने के लिए इसे अच्छी तरह धोकर छिलके सहित खाना चाहिए।
पाचन को बनाए मजबूत
नाशपाती में मौजूद ‘पेक्टिन’ नामक घुलनशील फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाता है। यह कब्ज की समस्या से राहत दिलाने, आंतों को स्वस्थ रखने और पेट को साफ रखने में मदद करता है। नियमित सेवन से पाचन क्रिया बेहतर बनी रहती है।
वजन घटाने में कारगर
अगर आप वजन नियंत्रित रखना चाहते हैं तो नाशपाती बेहतरीन विकल्प है। इसमें कैलोरी कम और फाइबर अधिक होता है, जिससे लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है। इससे बार-बार भूख नहीं लगती और ओवरईटिंग से बचाव होता है।
इम्यूनिटी और दिल दोनों रहेंगे मजबूत
नाशपाती में मौजूद विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। यह मौसमी संक्रमण, सर्दी-खांसी और वायरल बीमारियों के खतरे को कम करने में सहायक है। वहीं, इसमें पाया जाने वाला पोटैशियम रक्तचाप को नियंत्रित रखने, खराब कोलेस्ट्रॉल कम करने और हृदय को स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
