पैरों के दर्द को न करें नजरअंदाज, सही आदतों से पाएं राहत और रखें खुद को सक्रिय

Dayanand Roy
3 Min Read
पैरों का दर्द

कई बार ज्यादा देर तक खड़े रहने, लंबी दूरी तक पैदल चलने या ऊंची एड़ी की सैंडल पहनने के कारण पैरों में दर्द होना सामान्य माना जाता है। अक्सर यह दर्द कुछ समय बाद अपने आप ठीक भी हो जाता है, लेकिन यदि दर्द लगातार बना रहे तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। लगातार रहने वाला दर्द न केवल दैनिक कार्यों को प्रभावित करता है, बल्कि व्यक्ति की सक्रियता और आत्मविश्वास को भी कम कर सकता है।

महिलाओं में अधिक क्यों होती है यह समस्या

महिलाओं में पैरों के दर्द की समस्या अपेक्षाकृत अधिक देखने को मिलती है। खाना बनाते समय लंबे समय तक खड़े रहना, घर की सफाई करना, कपड़े धोना या लंबे समय तक पैरों को मोड़कर बैठना इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं। कामकाजी महिलाओं को भी सार्वजनिक परिवहन में लंबे समय तक खड़े रहना पड़ता है, जिससे पैरों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसके अलावा लगातार हाई हील्स पहनना भी दर्द की एक बड़ी वजह बन सकता है।

 दर्द के पीछे छिपे हो सकते हैं कई कारण

मांसपेशियों की थकान, अत्यधिक व्यायाम, शरीर में पानी की कमी, रक्त संचार में बाधा और पोषण की कमी पैरों के दर्द को बढ़ा सकती है। खासतौर पर कैल्शियम, पोटैशियम और अन्य आवश्यक विटामिन्स की कमी मांसपेशियों में सिकुड़न और दर्द का कारण बनती है। इसलिए दर्द के मूल कारण को समझना और समय पर उसका समाधान करना जरूरी है।

 पर्याप्त पानी और पौष्टिक आहार है जरूरी

शरीर को हाइड्रेट रखना पैरों के दर्द को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से मांसपेशियों की जकड़न कम होती है और रक्त संचार बेहतर होता है। साथ ही भोजन में हरी सब्जियां, फल, केले, गाजर, अंकुरित अनाज, मेवे, दूध, दही, पनीर और सोयाबीन को शामिल करना चाहिए। कैल्शियम और पोटैशियम से भरपूर खाद्य पदार्थ मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं।

 व्यायाम और योग से मिलेगा स्थायी लाभ

नियमित व्यायाम और योग शरीर को फिट रखने के साथ-साथ पैरों के दर्द से राहत दिलाने में भी सहायक होते हैं। विशेष प्रकार की लेग स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाती हैं और मांसपेशियों की कार्यक्षमता बढ़ाती हैं। इसके अलावा वजन को नियंत्रित रखना भी बेहद जरूरी है, क्योंकि बढ़ा हुआ वजन पैरों पर अतिरिक्त दबाव डालता है और दर्द को और बढ़ा सकता है। यदि दर्द लंबे समय तक बना रहे तो डॉक्टर से सलाह अवश्य लें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *