अक्सर लोग हर फल और सब्जी को फ्रिज में रख देते हैं, जबकि कुछ खाद्य पदार्थ कमरे के सामान्य तापमान पर ज्यादा समय तक सुरक्षित रहते हैं। आलू, प्याज और लहसुन को फ्रिज में रखने की जरूरत नहीं होती। इन्हें सूखी और हवादार जगह पर रखें। ध्यान रखें कि इन्हें धोकर स्टोर न करें, क्योंकि नमी के कारण ये जल्दी खराब हो सकते हैं। यदि प्याज हरे पत्तों के साथ हो, तो उसे पॉलीथिन में लपेटकर फ्रिज में रखा जा सकता है।
फलों और सब्जियों को सही तापमान पर रखें
टमाटर को हमेशा फ्रिज की ऊपरी शेल्फ पर रखें और उसके ऊपर दूसरी सब्जियां न रखें, क्योंकि दबाव पड़ने से वे जल्दी खराब हो जाते हैं। केला और आम 10 से 13 डिग्री सेल्सियस तापमान पर बेहतर रहते हैं, जबकि संतरा, मौसमी और कीनू को 4 से 5 डिग्री सेल्सियस पर एक साथ स्टोर किया जा सकता है। सभी फल और सब्जियों को अलग-अलग फ्रूट और वेजिटेबल बास्केट में रखना बेहतर होता है।
इन बातों का भी रखें खास ध्यान
अदरक को पॉलीथिन या अखबार में लपेटकर रखा जा सकता है। यदि अदरक सूखी हो तो उसे हल्की नमी वाली मिट्टी में दबाकर भी सुरक्षित रखा जा सकता है। ब्रेड 2–3 दिनों में इस्तेमाल करनी हो तो बाहर रखें, जबकि लंबे समय के लिए फ्रिज में स्टोर करें। खुली हुई सॉस की बोतल हमेशा फ्रिज में रखें। रोटी को 24 घंटे तक सुरक्षित रखने के लिए फ्रिज का इस्तेमाल किया जा सकता है, वहीं इमली को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए उसकी बाहरी सतह पर थोड़ा नमक लगा दें।
