घर लाने के बाद आलू, प्याज और लहसुन को छोड़कर बाकी सभी सब्जियों और साग को सबसे पहले तेज बहते पानी में अच्छी तरह धोएं। इसके लिए सब्जियों को किसी टोकरी में रखकर नल के नीचे 3 से 4 मिनट तक धोएं। इस दौरान उन्हें बार-बार उलट-पुलट करें ताकि हर हिस्सा अच्छी तरह साफ हो जाए। इससे सब्जियों पर लगी धूल, मिट्टी, छोटे कीट और कुछ हद तक कीटनाशकों के अवशेष हटाने में मदद मिलती है।
गुनगुने पानी और नमक का करें इस्तेमाल
पहली धुलाई के बाद सब्जियों को एक बड़े बर्तन या टब में रखें। इसमें इतना हल्का गुनगुना पानी डालें कि सभी सब्जियां पूरी तरह डूब जाएं। पानी में थोड़ा नमक या विनेगर मिलाकर 5 से 10 मिनट तक छोड़ दें। पत्तेदार साग और मुलायम सब्जियों को लगभग 5 मिनट बाद ही निकाल लें, क्योंकि अधिक देर तक भिगोने से उनके पोषक तत्व प्रभावित हो सकते हैं।
धूप नहीं, पंखे की हवा में सुखाएं
धोने के बाद सब्जियों को साफ चटाई, ट्रे या सूखी बेडशीट पर फैलाकर पंखे की हवा में 15 से 20 मिनट तक सुखाएं। सीधे धूप में सुखाने से उनकी ताजगी और गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। जब अतिरिक्त नमी पूरी तरह निकल जाए, तब उन्हें फ्रिज में स्टोर करें या तुरंत उपयोग में लें। सही तरीके से साफ और सुखाई गई सब्जियां अधिक समय तक ताजा रहती हैं और सुरक्षित रूप से इस्तेमाल की जा सकती हैं।
