अल्ट्रासाउंड केंद्रों की होगी नियमित जांच, नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : रांची DC

रांची में अल्ट्रासाउंड केंद्रों की निगरानी सख्त होगी। PC & PNDT समिति की बैठक में नए केंद्रों को मंजूरी दी गई और नियम उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

Dayanand Roy
2 Min Read

Ranchi News ; रांची जिला में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमित निगरानी और नियमों के सख्त अनुपालन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में सदर अस्पताल सभागार में आयोजित जिला सलाहकार समिति (PC & PNDT) की बैठक में अल्ट्रासाउंड केंद्रों से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई।

बैठक में अल्ट्रासाउंड केंद्रों के निबंधन, नवीकरण, फॉर्म-B में मशीन प्रविष्टि, चिकित्सकों की नियुक्ति और यूएसजी मशीन खरीद से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति ने प्राप्त आवेदनों पर निर्णय लेते हुए 8 अल्ट्रासाउंड केंद्रों के नए निबंधन तथा 10 केंद्रों के नवीकरण को मंजूरी प्रदान की।

इसके अलावा फॉर्म-B में मशीनों की प्रविष्टि, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद चिकित्सकों की ज्वाइनिंग और अन्य प्रक्रियात्मक मामलों को भी स्वीकृति दी गई। बैठक में यूएसजी मशीन से जुड़े दो स्थानांतरण आवेदन, चार नई मशीन खरीद की अनुमति तथा पांच फॉर्म-B प्रविष्टि आवेदनों पर भी विचार किया गया।

समिति ने विभिन्न क्लीनिकों और अस्पतालों में 17 चिकित्सकों की नियुक्ति से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की। इस दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि PC & PNDT अधिनियम के तहत निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले केंद्रों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य लिंग चयन जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना और स्वास्थ्य संस्थानों में पारदर्शिता बनाए रखना है।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, PC & PNDT को-ऑर्डिनेटर राकेश कुमार राय सहित समिति के अन्य सदस्य और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *