कई बार जल्दबाजी में गर्म चाय, कॉफी या भोजन का सेवन करने से जीभ जल जाती है। इससे दर्द, जलन और खाने-पीने में परेशानी होने लगती है। हालांकि ज्यादातर मामलों में यह समस्या गंभीर नहीं होती और कुछ दिनों में अपने आप ठीक हो जाती है। फिर भी शुरुआती समय में सही देखभाल करने से दर्द और असुविधा को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
बर्फ या आइसक्रीम से पाएं तुरंत राहत
जली हुई जीभ को शांत करने के लिए बर्फ चूसना या आइसक्रीम खाना काफी प्रभावी माना जाता है। ठंडक जलन को कम करने में मदद करती है और दर्द से राहत दिलाती है। हालांकि ध्यान रखें कि बर्फ को सीधे लंबे समय तक जीभ पर न रखें।
ठंडे पेय पदार्थों का करें सेवन
जीभ जलने के बाद ठंडा पानी पीना तुरंत आराम पहुंचा सकता है। इसके अलावा दिनभर पर्याप्त मात्रा में ठंडे और सामान्य तापमान वाले पेय पदार्थ पीने से मुंह में नमी बनी रहती है और जलन कम महसूस होती है।
नमक के पानी से कुल्ला करना फायदेमंद
विशेषज्ञों के अनुसार गुनगुने नमक वाले पानी से कुल्ला करने से मुंह में संक्रमण का खतरा कम हो सकता है। यह उपाय सूजन और असहजता को कम करने में भी मदद करता है तथा घाव भरने की प्रक्रिया को तेज कर सकता है।
शहद और ठंडी चीजें पहुंचाती हैं आराम
शहद में प्राकृतिक रोगाणुरोधी गुण पाए जाते हैं, जो जली हुई जीभ को राहत देने में सहायक हो सकते हैं। इसके अलावा दही, ठंडी खीर, स्मूदी या अन्य ठंडी और मुलायम चीजों का सेवन करने से दर्द और जलन कम हो सकती है। यदि जलन गंभीर हो या लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
