स्वास्थ्य और पोषण को लेकर लोगों के बीच अक्सर कई तरह की चर्चाएं होती रहती हैं। ब्राउन राइस और सफेद चावल को लेकर भी लंबे समय से बहस चलती रही है। कुछ लोग ब्राउन राइस को अधिक पौष्टिक मानते हैं, जबकि कुछ का मानना है कि दोनों के फायदे लगभग समान हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि विशेषज्ञ इस बारे में क्या राय रखते हैं।
ब्राउन राइस में अधिक पोषण, लेकिन पाचन पर असर
पोषण विशेषज्ञ डॉ. अल्का के अनुसार, ब्राउन राइस में सफेद चावल की तुलना में अधिक फाइबर, विटामिन और पोषक तत्व पाए जाते हैं। यही कारण है कि यह वजन प्रबंधन, डायबिटीज नियंत्रण और हृदय स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है। हालांकि कई लोगों को ब्राउन राइस खाने के बाद अपच, पेट फूलना (ब्लोटिंग) और भारीपन जैसी समस्याएं महसूस हो सकती हैं। इसका कारण यह है कि ब्राउन राइस पचने में अपेक्षाकृत भारी होते हैं।
क्या सफेद चावल भी स्वास्थ्यवर्धक हैं?
विशेषज्ञों का कहना है कि सफेद चावल को पूरी तरह नुकसानदायक मानना सही नहीं है। यदि इसे संतुलित मात्रा में सब्जियों, दाल, अंडे, दही या छाछ के साथ खाया जाए, तो यह भी शरीर को आवश्यक ऊर्जा और पोषण प्रदान करता है। साथ ही, जिन लोगों का शरीर बचपन से सफेद चावल खाने का आदी है, उनके लिए इसे पचाना अधिक आसान होता है।
कौन-सा विकल्प चुनना चाहिए?
यदि ब्राउन राइस खाने के बाद आपको पाचन संबंधी परेशानी होती है, तो सफेद चावल बेहतर विकल्प हो सकते हैं। विशेषज्ञ नियमित रूप से केवल ब्राउन राइस खाने के बजाय पैराबॉयल्ड राइस या अनपॉलिश्ड चावल को भी डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि किसी भी खाद्य पदार्थ का चयन अपनी शारीरिक जरूरत और पाचन क्षमता के अनुसार करना चाहिए।
