Home Must Read लोकसभा अध्यक्ष की पहल; अब सांसदों और आगंतुकों को मिलेगा ‘सेहतमंद आहार’

लोकसभा अध्यक्ष की पहल; अब सांसदों और आगंतुकों को मिलेगा ‘सेहतमंद आहार’

by Dayanand Roy

नयी दिल्ली: संसद में कामकाज की उत्पादकता बढ़ाने के बाद अब लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों, अधिकारियों और आगंतुकों की सेहत का भी खास ख्याल रखने की योजना बनाई है। इसके तहत अब संसद में रागी बाजरा इडली और ज्वार उपमा से लेकर मूंग दाल का चीला और उबली सब्जियों के साथ ग्रिल्ड मछली तक कई सेहतमंद आहार उपलब्ध कराए जाएंगे।

सेहतमंद आहार का मेन्यू लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कहने पर तैयार किया गया है। लोकसभा अध्यक्ष का मानना है कि स्वास्थ्य से किसी तरह का समझौता किए बिना जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाना है। अब संसद में लज़ीज़ पकवानों के साथ ही बाजरे से बने पकवान, फाइबर युक्त सलाद और प्रोटीन-पैक सूप उपलब्ध होगा जो एक स्वस्थ आहार को बढ़ावा देने के व्यापक प्रयास का हिस्सा है। प्रत्येक व्यंजन को सावधानीपूर्वक इस तरह तैयार किया गया है कि उसमें कार्बोहाइड्रेट, सोडियम और कैलोरी कम हों तथा सेहत के लिए जरूरी पोषक तत्व अधिक हों।

संसद की कैंटीन के मेन्यू में कहा गया है, ‘‘प्रत्येक व्यंजन को उच्चतम पोषण मानकों को पूरा करते हुए सावधानीपूर्वक तैयार किया जाता है ताकि वे कार्बोहाइड्रेट में कम, सोडियम में कम और कैलोरी में कम हों जबकि फाइबर में अधिक और प्रोटीन से समृद्ध हो।’
 

मेन्यू में उन खाद्य पदार्थों को प्रमुखता से स्थान मिला है जो संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित अंतराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष, 2023 में शामिल थे। मुख्य आकर्षणों में सांबर के साथ रागी बाजरा इडली और चटनी (270 किलो कैलोरी), ज्वार उपमा (206 किलो कैलोरी) और चीनी-मुक्त मिक्स बाजरा खीर (161 किलो कैलोरी) शामिल हैं।

चना चाट और मूंग दाल चीला जैसे लोकप्रिय भारतीय व्यंजन भी प्रमुखता से शामिल हैं. हल्के नाश्ते के लिए सांसद जौ और ज्वार का सलाद (294 किलो कैलोरी) और गार्डन फ्रेश सलाद (113 किलो कैलोरी) जैसे रंग-बिरंगे सलाद के साथ-साथ भुने टमाटर, तुलसी का शोरबा और सब्जियों के गरमागरम सूप का आनंद ले सकते हैं।

मांसाहार का सेवन करने वाले सदस्यों की सेहत का भी ख्याल रखा गया है. उनके लिए ग्रिल्ड उबली सब्जियों के साथ ग्रिल्ड चिकन (157 किलो कैलोरी) और ग्रिल्ड फिश (378 किलो कैलोरी) जैसे पोषक विकल्प उपलब्ध हैं।

Related Articles

Leave a Comment