Sub Registrar Murder Case: मांडू थाना क्षेत्र के बलसगरा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या के मामले में रामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल खून से सना ईंट का टुकड़ा और बांस का डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 30 जून की सुबह जमीन को लेकर पुराने विवाद के बीच बालेश्वर पटेल पर हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बालेश्वर पटेल गिरिडीह में सब-रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत थे।
घटना के बाद मृतक की पत्नी की शिकायत पर मांडू थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम बनाई गई। टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ, वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर सात लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार साव उर्फ पम्पम, रामू साव उर्फ ज्ञानी, शकुंतला देवी, रूबी कुमारी, विनय कुमार, पूजा कुमारी और लक्ष्मी देवी उर्फ डोली कुमारी शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जिनकी जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
इस हत्याकांड के बाद इलाके में काफी चर्चा है। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
