सेंट माइकल्स पब्लिक स्कूल में कृष्ण जन्माष्टमी पर्व का भव्य आयोजन

Dayanand Roy
2 Min Read

रांची : अरगोड़ा-कटहल मोड़ रोड स्थित “सेंट माइकल्स पब्लिक स्कूल”,  न्यू अशोक नगर, रांची में कक्षा प्री-नर्सरी से यूकेजी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच कृष्ण जन्माष्टमी पर्व का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के महत्व पर प्रेरणादायक पंक्तियों और सुंदर कोटेशन के साथ हुई, जिसमें बच्चों को बताया गया कि यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की स्मृति में मनाया जाता है, जो धर्म, प्रेम और सत्य के प्रतीक हैं।

नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान कृष्ण और राधा के रूप में मनमोहक वेशभूषा धारण कर छोटे-छोटे कान्हा के रूप में सिर पर मुकुट, हाथों में बांसुरी और राधाएं सुंदर परिधानों में हाथों में मक्खन से भरी मटकियां लेकर मंच पर आए। बच्चों ने ‘कृष्ण-राधा’ की मधुर लीलाओं का अभिनय कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर मंच पर कृष्ण-सुदामा का भावपूर्ण अभिनय, रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियाँ और कृष्ण-राधा का डांस दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वह क्षण था, जब विद्यालय के निदेशक ने नन्हे-मुन्ने कृष्ण को गोद में उठाकर उनके हाथों से मटकी फोड़वाई। इस दृश्य से पूरा वातावरण आनंद और उत्साह से भर गया। बच्चों ने हर्षोल्लास के साथ जयकारे लगाए और खूब आनंद लिया। इस अवसर विद्यालय के निदेशक ने कहा कि “जन्माष्टमी हमें यह सिखाती है कि जीवन में धर्म का पालन, प्रेम का प्रसार और सत्य की रक्षा ही वास्तविक भक्ति है।”

विद्यालय परिसर को आकर्षक रंगोली और झूला सजावट से सुसज्जित किया गया था। कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रसाद स्वरूप मिठाईयां वितरित की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी ने एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की। यह आयोजन विद्यालय परिवार के लिए यादगार बन गया, जिसमें भक्तिभाव, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *