Gumla News : भरनो के मिशन चौक के पास बुधवार शाम एक बाइक और लूना मोपेड के बीच आमने-सामने की टक्कर में नाना-नाती समेत चार लोग घायल हो गए। हादसा एनएच-23 रांची–गुमला मुख्य मार्ग स्थित सर्विस रोड पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, खरवागाढ़ा निवासी 60 वर्षीय बादल पंडित अपने 7 वर्षीय नाती के साथ लूना मोपेड पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में बाइक सवार तुरीअम्बा सरनाटोली निवासी लोहरा उरांव और महू उरांव भी घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सभी घायल सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बादल पंडित, उनके नाती और लोहरा उरांव को बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर किया गया। एक अन्य घायल को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलने पर भरनो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मिशन चौक के आसपास सर्विस रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं, इसलिए यहां यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए।
