Giridih News : गिरिडीह के सीसीएल कोलियरी क्षेत्र से कोयला चोरी का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें चलती मालगाड़ी से खुलेआम कोयला गिराते लोगों को देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद सीसीएल प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, गिरिडीह कोलियरी से रेलवे रैक के जरिए विभिन्न ताप विद्युत संयंत्रों और उद्योगों तक कोयले की आपूर्ति की जाती है। इसी दौरान रेलवे साइडिंग और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सक्रिय संगठित गिरोह मौका मिलते ही कोयले की चोरी को अंजाम देते हैं।
बताया जाता है कि जैसे ही कोयला लदी मालगाड़ी किसी स्थान पर धीमी होती है, गिरोह के सदस्य तेजी से बोगियों पर चढ़ जाते हैं और कोयले को नीचे फेंकना शुरू कर देते हैं। नीचे मौजूद अन्य लोग बोरे और छोटे वाहनों की मदद से कोयले को सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचा देते हैं।
संगठित तरीके से चल रहा अवैध कारोबार
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोयला चोरी का यह अवैध धंधा कई वर्षों से संगठित तरीके से संचालित हो रहा है। कई बार सीसीएल सुरक्षा कर्मियों ने इसे रोकने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान तनाव और मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं।
विवाद में युवक की हत्या तक हो चुकी
सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में इसी विवाद और झड़प के दौरान एक युवक की हत्या भी हो चुकी है, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया है। इसके बावजूद कोयला चोरी का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सीसीएल प्रबंधन से इस पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
