गांडेय विधायक कल्पना सोरेन इन दिनों झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति के सदस्यों के साथ महाराष्ट्र दौरे पर हैं। मंगलवार को उन्होंने समिति के अन्य सदस्यों के साथ मुंबई के बांद्रा स्थित श्री महिला गृह उद्योग लिज्जत पापड़ के प्रोडक्शन सेंटर का भ्रमण किया। इस दौरान कल्पना सोरेन ने वहां कार्यरत महिलाओं से मुलाकात की और उत्पादन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिलाओं के कार्य के प्रति समर्पण और अनुशासन की सराहना की।
महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक उदाहरण
कल्पना सोरेन ने कहा कि लिज्जत पापड़ महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामूहिक उद्यमिता का एक प्रेरणादायक मॉडल है। सीमित संसाधनों से शुरू हुई यह पहल आज हजारों महिलाओं को रोजगार और आत्मसम्मान प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि यहां की कार्यप्रणाली और महिलाओं की मेहनत वास्तव में प्रेरणादायक है और यह अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण है।
झारखंड में भी ऐसे मॉडल को बढ़ावा देने की जरूरत
उन्होंने कहा कि झारखंड में भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस तरह की योजनाओं और उद्यमों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। महिला एवं बाल विकास समिति के सदस्यों ने भी लिज्जत पापड़ की संगठनात्मक व्यवस्था और उत्पादन प्रणाली की जानकारी ली तथा इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बताया।
