बिना फ्रिज के भी अंडों को रखें लंबे समय तक ताजा, जानिए आसान और पारंपरिक तरीके

Dayanand Roy
3 Min Read

अंडे प्रोटीन, विटामिन और कई जरूरी पोषक तत्वों का बेहतरीन स्रोत हैं। यही वजह है कि अधिकांश लोग इन्हें अपनी दैनिक डाइट में शामिल करते हैं। हालांकि जिन घरों में फ्रिज उपलब्ध नहीं होता, उनके लिए अंडों को लंबे समय तक ताजा और सुरक्षित रखना एक बड़ी चुनौती हो सकती है। अच्छी बात यह है कि कुछ पारंपरिक और घरेलू उपायों की मदद से अंडों को कई हफ्तों या महीनों तक खराब होने से बचाया जा सकता है।

चावल की भूसी में करें स्टोर

अंडों को चावल की भूसी या छिलकों में रखना एक पुराना लेकिन बेहद प्रभावी तरीका माना जाता है। भूसी अंडों को आपस में टकराने से बचाती है और अतिरिक्त नमी को सोख लेती है। इससे अंडों की बाहरी परत सुरक्षित रहती है और वे लंबे समय तक ताजे बने रहते हैं। इसके लिए किसी बर्तन में भूसी की परत बिछाकर अंडों को रखें और ऊपर से फिर भूसी डालकर ढक दें।

अनाज और दालों के बीच रखें

अंडों को चावल, गेहूं, दाल या अन्य अनाजों के बीच रखने की पारंपरिक तकनीक भी काफी कारगर है। अनाज नमी को नियंत्रित करने में मदद करते हैं और बैक्टीरिया की वृद्धि को कम करते हैं। इस विधि से अंडों की प्राकृतिक सुरक्षा परत सुरक्षित रहती है, जिससे उनकी ताजगी 2 से 3 महीने तक बनी रह सकती है।

चूने के पानी का करें इस्तेमाल

चूने के पानी में अंडों को डुबोकर रखने की प्रक्रिया, जिसे वॉटर ग्लासिंग भी कहा जाता है, लंबे समय तक संरक्षण का प्रभावी उपाय है। हाइड्रेटेड लाइम का घोल अंडों के सूक्ष्म छिद्रों को बंद कर देता है, जिससे बैक्टीरिया अंदर नहीं पहुंच पाते और अंडे कई महीनों तक सुरक्षित रह सकते हैं।

सूखी चायपत्ती और नमक भी हैं उपयोगी

इस्तेमाल की गई चायपत्ती को सुखाकर अंडों की परतों के बीच रखा जा सकता है। चाय में मौजूद कुछ प्राकृतिक तत्व बैक्टीरिया की वृद्धि को रोकने में मदद करते हैं। वहीं सूखे मोटे नमक में अंडों को दबाकर रखने से भी उनकी शेल्फ लाइफ बढ़ सकती है, क्योंकि नमक में प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं।

ऐसे पहचानें अंडा खराब है या नहीं

अंडे की ताजगी जांचने के लिए सबसे पहले उसके छिलके को देखें। यदि छिलका गीला, फटा हुआ या उस पर फफूंदी दिखाई दे, तो अंडा खराब हो सकता है। इसके अलावा अंडे को कान के पास हल्के से हिलाएं। यदि अंदर से पानी जैसी आवाज सुनाई दे, तो यह संकेत हो सकता है कि अंडा पुराना या खराब हो चुका है। ताजे अंडों से आमतौर पर कोई आवाज नहीं आती।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *