नेपाल के घटनाक्रमों पर भारत की पैनी नजर है : पीयूष गोयल

Dayanand Roy
4 Min Read

महेश सिन्हा

भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है

पटना : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल गुरुवार को पटना पहुंचे। उन्होने यहां भाजपा के प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत की।  इस दौरान उन्होंने कहा कि नेपाल में हाल के घटनाक्रमों पर भारत की पैनी नजर है और विदेश मंत्रालय स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।

पीयूष गोयल ने बताया कि नेपाल में भारतीय दूतावास से उनकी बात हुई है और सभी भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। उन्होने कहा कि भारत ने हमेशा अपने नागरिकों को सुरक्षित लौटाने का ट्रैक रिकॉर्ड बनाया है।

पीयूष गोयल ने कहा प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व यहां डबल इंजन की ‘कर्मठ’ सरकार है जो बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। उन्होने कहा कि हर क्षेत्र में विकास ही हमारी प्राथमिकता है।

बिहार में एनडीए के सभी घटक दल मिलकर नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि जनता एनडीए को ऐतिहासिक विजय दिलाने जा रही है। उन्होंने बिहार को मिल रही बड़ी सौगातों का  उल्लेख करते हुए कहा कि मोकामा-मुंगेर 4 लेन हाइवे 4,500 करोड़ की लागत से बन रहा है। साथ ही भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट मार्ग को डबल करने का काम चल रहा है।

इसके अलावा बिहार में मेट्रो सेवा शुरू होने जा रही है। ये बड़े उपहार बिहार की जनता को मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2014 में देश की कमान संभालने के बाद मोदी सरकार गरीबों, वंचितों और पीड़ितों के लिए समर्पित होकर काम कर रही है। पीयूष गोयल ने बताया कि जीएसटी में बड़े बदलाव कर रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुओं को सस्ता किया गया है और केंद्र व राज्य सरकार ने मिलकर लाखों लोगों को सरकारी नौकरियां दी हैं।

वहीं, विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष पूरी तरह फेल है, दिशाहीन है और हार की सच्चाई समझ चुका है। अब हार के कारण ढूंढे जा रहे हैं। पीएम मोदी की मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की गई, जिसकी मैं निंदा करता हूं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जान लें, मोदी परिवार के खिलाफ कितना भी कुछ कहें, जनता आपके झांसे में नहीं आने वाली। वहीं, महागठबंधन के सीएम फेस को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सीएम फेस की घोषणा हो या न हो, नीतीश कुमार के सामने किसी का फेस काम नहीं करेगा।

नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में एक बार फिर सरकार बनेगी और एनडीए जनता की सेवा करेगा। पियूष गोयल ने बिहार में सड़क विकास परियोजनाओं के बारे में बताया कि बक्सर-भागलपुर हाई-स्पीड कॉरिडोर के तहत मोकामा-मुंगेर खंड पर चार-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी लंबाई लगभग 82.4 किलोमीटर है और लागत 4,447 करोड़ रुपये है।

इस परियोजना से यात्रा समय में कमी आएगी और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। बिहार में पांच बड़े एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं को मंजूरी मिली है जिनमें बक्सर-भागलपुर, पटना-पूर्णिया, रक्सौल-हल्दिया, गोरखपुर-सिलीगुड़ी और वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे शामिल हैं। इन परियोजनाओं की कुल लंबाई 1626.37 किलोमीटर है और इन्हें वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1,18,849.40 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसी कड़ी में मोकामा-मुंगेर खंड के निर्माण कार्य जल्द शूरू किया जाएगा।

लेखक न्यूजवाणी बिहार के संपादक हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *