
धनबाद : जिले में चलाए जा रहे एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान धनबाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल आरक्षी भर्ती परीक्षा 2025 से जुड़े एक बड़े फर्जीवाड़ा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। मामले की जानकारी रविवार को सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता कर दी।


सिटी एसपी ने बताया कि शनिवार की रात झरिया थाना क्षेत्र में तिसरा जाने वाली सड़क पर घनुवाडीह पुल के पास एक संदिग्ध स्कॉर्पियो (JH10BN2507) की जांच की गई। वाहन में बैठे लोगों से पूछताछ में पता चला कि एक संगठित गिरोह पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से अभ्यर्थियों को धनबाद लाकर गुप्त स्थान पर प्रश्नपत्र और नोट्स रटवा रहा था।
सूचना मिलते ही झरिया स्थित बंधन लॉज में छापेमारी की गई, जहां से पुलिस ने रैकेट को रंगे हाथ पकड़ लिया। छापेमारी में 17 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने बताया कि गिरोह अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और पहचान पत्र जब्त कर लेता था, ताकि वे पूरी तरह गिरोह पर निर्भर रहें।


