वोटर अधिकार यात्रा के बाद अब कांग्रेस और राजद की अलग-अलग यात्रायें

Dayanand Roy
3 Min Read

सीटों को लेकर शुरु हुई  दवाब की राजनीति

महेश सिन्हा

पटना : वोटर अधिकार यात्रा से  उत्साहित कांग्रेस अब बिहार  में पिछलग्गू की छवि से निकलने और विधानसभा चुनाव में अधिक तथा मनपसंद सीटें लेने के लिए राजद पर दवाब बनाने की रणनीति में जुट गई है। तेजस्वी यादव को महागठबंधन के मुख्यमंत्री के रूप में पेश करने से इंकार के बाद  कांग्रेस  ने अब कमजोर सीटें लेने से भी मना कर दिया है।

कांग्रेस 2020 के विधान सभा चुनाव  में हारी 51 सीटों में से 37  सीटों पर  इस बार लड़ने को तैयार  नहीं है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु का कहना है कि सीटों के बंटवारे में अच्छी और खराब सीटों का संतुलन होना चाहिए। ऐसा नहीं हो कि किसी पार्टी को सभी अच्छी सीटें मिले और किसी को सभी खराब सीटें दे दी जाए।

उन्होने पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली 70 सीटों के संतुलन पर ही सवाल खड़ा कर दिया है। दरअसल 2020 में कांग्रेस 70 सीटों पर लड़ी थी,लेकिन सिर्फ 19 पर जीत दर्ज कर सकी थी। इसी आधार पर  इस बार राजद कांग्रेस की सीटें कम करने के फिराक में है।लेकिन कांग्रेस   70 पर अड़ गई है।

इधर राहुल गांधी के साथ वोटर अधिकार यात्रा के बाद  तेजस्वी यादव अब  बिहार अधिकार यात्रा पर निकलने वाले हैं। यह यात्रा 16 सितंबर को जहानाबाद से शुरु होगी और 20 सितंबर को वैशाली में खत्म  होगी। तेजस्वी यादव  पांच दिनों की इस यात्रा के दौरान  11 जिलों से गुजरेंगे। इनमें जहानाबाद, नालंदा,पटना,बेगूसराय, खगड़िया,मधेपुरा,सहरसा,सुपौल, समस्तीपुर और उजियारपुर शामिल हैं। तेजस्वी यादव  इस दौरान मतदाता अधिकार,बेरोजगारी,महंगाई,शिक्षा,स्वास्थ्य और किसानों की समस्या जैसे मुद्दे उठायेंगे।

राजद सूत्रों के अनुसार  पार्टी ने सभी जिलाध्यक्षों,सांसद-विधायकों  , पदाधिकारियों ,नेताओं और कार्यकर्ताओं को तय कार्यक्रम स्थलों पर जुटने का निर्देश दिया है।

उधर कांग्रेस  की ओर से सितंबर के अंत तक पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे,लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और  सांसद  प्रियंका गांधी के बिहार दौरे की भी तैयारी हो रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी का दौरा उन 13 जिलों में होगा , जहां वे वोटर अधिकार यात्रा के दौरान  नहीं जा सके थे। कांग्रेस का फोकस उन जिलों पर भी होगा जहां की विधानसभा सीटों पर  वह अपना उम्मीदवार  उतारने की तैयारी कर रही है। राहुल, प्रियंका और खड़गे के दौरे में जनसभाओं के अलावा रोड शो भी होगा। सूत्रों ने बताया कि ये तीनों नेता एक साथ  या अलग-अलग भी जिलों का दौरा कर सकते हैं। सूत्रों की माने तो प्रदेश कांग्रेस को एक सप्ताह के भीतर  तारीख और जगह तय करने को कहा गया है।

लेखक न्यूजवाणी बिहार के संपादक हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *