राजधानी एक्सप्रेस के AC कोच में लगी आग, 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

रतलाम के पास राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन रेलवे स्टाफ की सतर्कता से सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।

Dayanand Roy
2 Min Read

Train Fire : तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह बड़ा हादसा टल गया, जब ट्रेन के एक एसी कोच में अचानक आग लग गई। घटना रतलाम के पास लूणी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच हुई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12431 राजधानी एक्सप्रेस के B-1 एसी कोच में सुबह करीब 5:15 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कोच को अपनी चपेट में ले लिया और बोगी से धुआं व तेज लपटें उठने लगीं।

हालांकि, रेलवे स्टाफ की तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से कोच में सवार सभी 68 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और दूसरे डिब्बों में शिफ्ट कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया है। फिलहाल रेलवे प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *