झारखंड में 9,362 पुलिस भर्ती का बड़ा ऐलान, युवाओं के लिए सुनहरा मौका, जल्द शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

Dayanand Roy
3 Min Read

रांची: झारखंड के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर जल्द आने वाला है। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में खाली पड़े पदों को भरने की तैयारी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड पुलिस में 9,362 सिपाहियों की सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।

इस भर्ती को लेकर पुलिस मुख्यालय, गृह विभाग और अन्य संबंधित विभागों में हलचल तेज हो गई है।

रिक्त पदों का ब्योरा तैयार

जानकारी के अनुसार पुलिस मुख्यालय ने सभी खाली पदों का पूरा विवरण तैयार कर लिया है। साथ ही आरक्षण नियमों के अनुसार रोस्टर भी बना लिया गया है।

अब इस प्रस्ताव को गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के पास भेजा जा रहा है। विभागीय मंजूरी मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया अगले चरण में जाएगी।

जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन

जैसे ही गृह विभाग से स्वीकृति मिलेगी, प्रस्ताव झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को भेजा जाएगा। इसके बाद आयोग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।

उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ महीनों में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

कानून व्यवस्था होगी मजबूत

इस बड़े भर्ती अभियान के जरिए जिला पुलिस बल और विशेष इकाइयों में लंबे समय से चल रही जवानों की कमी को दूर करने की योजना है।

सरकार का मानना है कि पर्याप्त संख्या में सिपाहियों की नियुक्ति से राज्य की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

पहले भी निकली थी भर्ती

गौरतलब है कि इससे पहले झारखंड में 4,919 सिपाही पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसमें 20 जिलों में 3,799 नियमित पद और 11 जिलों में 1,120 बैकलॉग पद शामिल थे।

उस भर्ती के लिए 15 जनवरी से 28 फरवरी 2024 तक आवेदन लिए गए थे, लेकिन परीक्षा शुरू नहीं हो सकी और बाद में प्रक्रिया रद्द कर दी गई थी।

युवाओं को रोजगार की बड़ी उम्मीद

अब नई नियमावली और संशोधित प्रक्रिया के तहत दोबारा बड़े पैमाने पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। इससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *