झारखंड में राज्यसभा सीटों को लेकर जेएमएम-कांग्रेस में सहमति, एक-एक सीट पर दोनों दलों का दावा तय

झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों को लेकर जेएमएम और कांग्रेस में सहमति बन गई है, दोनों दल एक-एक सीट पर उम्मीदवार उतारेंगे और जल्द नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।

Dayanand Roy
2 Min Read

Rajya Sabha Election : झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों को लेकर सत्ताधारी गठबंधन में सहमति बन गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और कांग्रेस के बीच हुई संयुक्त बैठक में तय किया गया कि दोनों दल एक-एक सीट पर अपने प्रत्याशी उतारेंगे और पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे।

सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए और सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं पर अंतिम सहमति बनी। अब जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों उम्मीदवारों के नामों की औपचारिक घोषणा की जा सकती है।

कांग्रेस के झारखंड प्रभारी और पर्यवेक्षक भुपेश बघेल ने बैठक के बाद कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार कर ली गई है। उन्होंने बताया कि सभी मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और अंतिम औपचारिकताएं जल्द पूरी कर ली जाएंगी।

वहीं राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में शाम को गठबंधन विधायक दल की बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।

बैठक के बाद कांग्रेस पर्यवेक्षक अजय शर्मा ने भी इसे सकारात्मक बताया और कहा कि अब किसी प्रकार की “अगर-मगर” की स्थिति नहीं है। उनके अनुसार, कल गठबंधन के दोनों उम्मीदवार नामांकन दाखिल करेंगे।

इसी बीच, झामुमो द्वारा घोषित राज्यसभा उम्मीदवार बैजनाथ राम मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और संगठनात्मक चर्चा की। साथ ही परिमल नाथवाणी की मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर उठे सवालों पर कहा गया कि लोकतंत्र में यह सामान्य प्रक्रिया है और किसी से भी मुलाकात की जा सकती है।

गठबंधन के इस फैसले के बाद झारखंड की राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है तथा सभी की नजरें अब आगामी नामांकन और चुनावी रणनीति पर टिकी हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *