कांग्रेस एकजुट करती है, भाजपा बांटती है : मल्लिकार्जुन खड़गे

Dayanand Roy
4 Min Read

नई दिल्ली : कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस पर पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को जोर देकर कहा कि कांग्रेस एक विचारधारा है और विचारधाराएं कभी नहीं मरतीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के महान नेताओं के कारण ही भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बन पाया।

इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा, ‘कांग्रेस ने कभी धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगे और कभी मंदिर-मस्जिद के नाम पर नफरत नहीं फैलाई।

कांग्रेस एकजुट करती है, भाजपा बांटती है। कांग्रेस ने धर्म को केवल आस्था तक ही सीमित रखा, लेकिन कुछ लोगों ने धर्म को राजनीति में घसीट लिया।’

पार्टी अध्यक्ष ने कहा, जो लोग कहते हैं कि कांग्रेस का अंत हो गया है, मैं उनसे कहना चाहता हूं कि हमारी शक्ति भले ही कम हो गई हो, लेकिन हमारा हौसला अब भी बुलंद है। हमने किसी से समझौता नहीं किया, न संविधान से, न धर्मनिरपेक्षता से और न ही गरीबों के अधिकारों से। हम भले ही सत्ता में न हों, लेकिन हम समझौता नहीं करेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के समय के आसपास कई देशों ने आजादी प्राप्त की, जिसमें से कुछ देश असफल रहे, जबकि अन्य में तानाशाही का बोलबाला रहा। उन्होंने कहा, ‘केवल भारत ही ऐसा देश है, जहां लोकतंत्र जीवंत है। कांग्रेस के महान नेताओं की बदौलत ही भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बन पाया है।’

कांग्रेस स्थापना दिवस पर सभी भारतीयों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा, ‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140 साल का गौरवशाली इतिहास सत्य, अहिंसा, त्याग, संघर्ष और देशभक्ति की महान गाथा का वर्णन करता है।’ पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, अजय माकन, शशि थरूर, दिग्विजय सिंह सहित पार्टी के कई नेता समारोह में उपस्थित थे।

नफरत, तानाशाही के खिलाफ मजबूती से लड़ेंगे : राहुल

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज है, जो हर कमजोर, वंचित और मेहनतकश के साथ खड़ी रही है। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘संकल्प है कि नफरत, अन्याय, तानाशाही के खिलाफ सत्य, साहस एवं संविधान की रक्षा की लड़ाई और अधिक मजबूती से लड़ेंगे।… हम उस ऐतिहासिक विरासत और उन महान बलिदानियों को नमन करते हैं, जिन्होंने भारत को आजादी दिलाई, संविधान की नींव रखी और लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय व समानता के मूल्यों को मजबूत किया।’

कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान शशि थरूर ने अपने पार्टी सहयोगी दिग्विजय सिंह के विचारों का समर्थन करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत किया जाना चाहिए। दिग्विजय सिंह ने शनिवार को आरएसएस और भाजपा की संगठनात्मक ताकत की सराहना की थी। थरूर से इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा, ‘संगठन को मजबूत किया जाना चाहिए, इसमें कोई संदेह नहीं है।’

इस बीच, कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ‘भाजपा दिग्विजय के पोस्ट के मूल भाव को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है। संघ, जो नफरत फैलाता है और महात्मा गांधी के हत्यारे गोडसे की विचारधारा से प्रेरणा लेता है, हमें उनसे कुछ भी सीखने की जरूरत नहीं है।’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा, ‘हमें आरएसएस से सीखने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, क्योंकि हम उस विचारधारा का विरोध करते हैं।’

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *