Home Bihar मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को पश्चिम चंपारण से शुरु करेंगे समृद्धि यात्रा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को पश्चिम चंपारण से शुरु करेंगे समृद्धि यात्रा

by Dayanand Roy

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  शुक्रवार से समृद्धि यात्रा पर निकलने जा रहे हैं। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री राज्य के अलग-अलग जिलों का दौरा करेंगे।

अपनी यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद इस बात का जायजा लेंगे कि आखिर सरकारी परियोजना कितना पूरा हुआ है? जानकार सूत्रों के अनुसार यात्रा का मुख्य उद्देश्य योजनाओं की समीक्षा करना और जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को जानना है।

इस यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि मुख्यमंत्री और जनता दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

सीमा से आने-जाने वाले लोगों की कड़ी जांच की जा रही है। पुलिस के साथ-साथ एसएसबी को भी अलर्ट पर रखा गया है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 17 जनवरी को मोतिहारी में कई योजनाओं का निरीक्षण करेंगे और स्थानीय लोगों को प्रोजेक्ट की सौगात देंगे।

इसी कड़ी में मुख्यमंत्री धनौती नदी पर बन रहे लगभग 8 करोड़ रुपए के पुल का भी निरीक्षण करेंगे। पुल निर्माण का काम तेज़ी से चल रहा है और इसके तैयार होने से करीब आधा दर्जन प्रखंड सीधे जिला मुख्यालय से जुड़ जाएंगे।

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी विभाग प्रमुखों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर समृद्धि यात्रा की तैयारियों के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जनता से सीधे बात करेंगे और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री की यात्रा पश्चिम चंपारण जिले से शुरू होने वाली है।

कैबिनेट सचिवालय कुछ ही दिनों में पूरी यात्रा का विवरण सार्वजनिक करेगा। बताया जाता है कि समृद्धि यात्रा के दौरान समीक्षा बैठकों में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और परियोजनाओं से जुड़े वरिष्ठ अधिकार भी शामिल होंगे। इस यात्रा के माध्यम से सरकार का उद्देश्य योजनाओं की पारदर्शिता बढ़ाना और जनता के सामने अपने कामकाज की प्रगति दिखाना है।

Related Articles

Leave a Comment