
नेमरा : पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के “संस्कार भोज” में शामिल होने के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को रामगढ़ के नेमरा गांव पहुंचे। राजनाथ सिंह ने गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री तथा उनके पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।

यही नहीं राजनाथ सिंह ने हेमंत की मां रुपी सोरेन के पैरों में अपना शीश झुकाया। इसके बाद राजनाथ सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन से मेरी कई मुलाकातें हुईं थी। उनकी सहजता, सरलता और उनका व्यक्तित्व मुझे प्रभावित करता था। गुरुजी सिर्फ आदिवासी ही नहीं बल्कि अन्य समाज के भी अभिभावक के रूप में जाने जाते थे।

उनके अलावा तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी भी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने नेमरा पहुंचे। उन्होंने दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि दी। रेवंथ रेड्डी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी विधायक पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन एवं परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
इसी तरह योग गुरु बाबा रामदेव भी नेमरा पहुंचे। उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की.
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, सांसद पप्पू यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद आरके आनंद भी नेमरा पहुंचे। सभी ने गुरुजी की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट की।


