पलामू के मेदिनीनगर में अप्रैल महीने में हुए चर्चित महिला हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शहर थाना क्षेत्र के भगवती अस्पताल के पीछे झरना टोला में 26 अप्रैल को एक महिला का शव मिला था, जिसकी जांच के दौरान पुलिस ने पहले चंदा देवी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
अब मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदा देवी के पति उपेंद्र कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। उपेंद्र कुमार गढ़वा जिले के डंडई थाना क्षेत्र के बालेखांड़ गांव का रहने वाला है। सदर एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि जांच में उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले, जिसके आधार पर गिरफ्तारी की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उपेंद्र कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी कई मामलों में संलिप्त रह चुका है। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
