Double Murder Case: मधुबन थाना क्षेत्र के दलान चलकरी गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद और जादू-टोना के संदेह को लेकर एक दंपति की हत्या की गई थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
रात में धारदार हथियार से की गई थी हत्या
जानकारी के अनुसार, 2 और 3 जून की दरमियानी रात दलान चलकरी गांव के तिरिलटांड़ टोला निवासी पतिया हांसदा और उनकी पत्नी परनी देवी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले में मधुबन थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसआईटी जांच में सामने आई साजिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच में खुलासा हुआ कि मृतक के संबंधियों ने ही हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को मृतक दंपति पर जादू-टोना करने का संदेह था। इसके अलावा दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया।
सात आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने रमेश हांसदा, पांडु हांसदा, विजय हांसदा, दोधमा हांसदा, बबलु हांसदा, मोती हांसदा और सिकरा हांसदा को गिरफ्तार किया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने एक लोहे की तलवार, दो लोहे के छुरे, खून से सने कपड़े और अन्य सामग्री बरामद की है।
न्यायिक हिरासत में भेजे जाएंगे आरोपी
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में एसआईटी और स्थानीय पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि जिले में गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अंधविश्वास से दूर रहने और किसी भी विवाद का समाधान कानूनी तरीके से करने की अपील की।
