Gumla News : गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म और मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महादेव उरांव, जो चपका गांव का रहने वाला है, को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि इस मामले में पीड़िता के पिता की शिकायत पर घाघरा थाना कांड संख्या 58/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता की शादी महादेव उरांव से तय हुई थी। हालांकि, युवक के व्यवहार और आचरण से असंतुष्ट होने के कारण परिवार ने विवाह करने से इनकार कर दिया था।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर 9 जुलाई की रात आरोपी ने युवती को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों ने युवती को इलाज के लिए गुमला के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मामला दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान चपका गांव से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में गुमला भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
