Bribery Case : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) दुमका की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सरैयाहाट अंचल कार्यालय के प्रभारी प्रधान लिपिक आनंद कुमार भारद्वाज को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, सरैयाहाट थाना क्षेत्र के मंडलडीह (तुलसी) निवासी दीपक दास ने ACB से शिकायत की थी कि उनकी जमीन से जुड़े मामले की जांच रिपोर्ट अनुमंडल पदाधिकारी दुमका को भेजने के एवज में प्रभारी प्रधान लिपिक 5 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। गुरुवार को जैसे ही आनंद कुमार भारद्वाज ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये लिए, पहले से घात लगाए ACB की टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आनंद कुमार भारद्वाज सरैयाहाट अंचल कार्यालय में प्रभारी प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। ACB ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
