NEET Student Missing : पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के सेवती गांव का रहने वाला 23 वर्षीय अभिषेक कुमार शर्मा पिछले चार दिनों से लापता है। वह रांची के रातू थाना क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था। काफी खोजबीन के बावजूद उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
परिजनों के अनुसार, अभिषेक पिछले कुछ वर्षों से चटक्कपुर मोहल्ला, शांतिनगर (एसबीएन स्कूल के सामने) किराये के मकान में रह रहा था। 4 जुलाई की शाम करीब 6 बजे वह अपने कमरे से अकेले निकला था, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी संपर्क से बाहर है।
परिवार ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद रातू थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
परिजनों का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के चार दिन बाद भी पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि यदि शुरुआत से ही मामले को गंभीरता से लिया जाता तो अब तक कोई सुराग मिल सकता था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अभिषेक की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की है।
अभिषेक की पहचान करीब 5 फीट 7 इंच लंबाई, सांवला रंग और घटना के समय हल्के हरे रंग की शर्ट, भूरे रंग की धारियों वाली पैंट तथा चप्पल पहने हुए के रूप में बताई गई है।
परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को अभिषेक कुमार शर्मा के बारे में कोई जानकारी मिले तो 7870062132 या 9031756283 पर तुरंत सूचना दें, ताकि उसे जल्द से जल्द सकुशल घर लाया जा सके।
