Gumla Jewellery Robbery: गुमला जिले के पालकोट प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार शाम हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी व्यवसायी से करीब 40 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की और लूट के बाद मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, माही ज्वेलर्स के संचालक मनीष सोनी दुकान बंद कर जेवरात से भरा बैग लेकर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गुडगुड गढ़ा के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया।
बताया जा रहा है कि व्यवसायी द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद दहशत फैलाने के लिए एक राउंड हवाई फायरिंग की और जेवरात से भरा बैग छीनकर पालकोट-बसिया मार्ग की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही संभावित फरार मार्गों पर भी जांच और छापेमारी जारी है।
जानकारी के मुताबिक, मनीष सोनी इससे पहले भी दो बार छिनतई की घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। इस वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
