Palamu News : पांकी थाना क्षेत्र के तेतराई में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में दो बाइक सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब एक लाख रुपये लूट लिए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:20 बजे दो युवक बाइक से CSP पहुंचे। शुरुआत में उन्होंने खाता खुलवाने की जानकारी मांगी और सामान्य ग्राहक की तरह बातचीत करने लगे। इसी दौरान उनका दूसरा साथी अचानक काउंटर के पास पहुंचा और पिस्टल निकालकर संचालक को धमकाने लगा।
हथियार देखकर संचालक घबरा गया, जिसका फायदा उठाकर बदमाश काउंटर में रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
पीड़ित संचालक रविंद्र कुमार ने बताया कि वह अपने घर में ही ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। दोपहर के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही कम थी, जिसका फायदा उठाकर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश तेज कर दी है। साथ ही आसपास के अन्य कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि बदमाशों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
