हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद सरकार का त्वरित एक्शन, जमशेदपुर और सरायकेला को मिले नए पुलिस कप्तान

हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद झारखंड सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर में नए एसएसपी और सरायकेला-खरसावां में नए एसपी की नियुक्ति कर कानून-व्यवस्था मजबूत करने का संदेश दिया।

Dayanand Roy
2 Min Read

जमशेदपुर में हुई हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच झारखंड सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। सरकार ने बिना देरी किए जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां में नए पुलिस अधिकारियों की तैनाती कर दी है।

नई नियुक्ति के तहत एहतेशाम वक़रीब को जमशेदपुर का नया एसएसपी बनाया गया है। वे इससे पहले सीआईडी में एसपी के पद पर कार्यरत थे। वहीं मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां का नया एसपी नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले जैप-3 के कमांडेंट के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

गौरतलब है कि मंगलवार देर रात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर जमशेदपुर के तत्कालीन एसएसपी पीयूष पांडेय और सरायकेला की एसपी निधि द्विवेदी को उनके पदों से हटा दिया गया था। दोनों अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय में योगदान देने का आदेश दिया गया है।

दरअसल, बीते शनिवार को जमशेदपुर में करनी सेना से जुड़े हिमांशु सिंह की हत्या के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। इस घटना में एक अन्य युवक प्रत्युष सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसका इलाज कोलकाता में चल रहा है।

घटना के बाद विपक्ष ने भी सरकार को घेरना शुरू कर दिया था और अपराध नियंत्रण को लेकर सवाल उठाए थे। ऐसे में सरकार ने सख्त संदेश देते हुए पुलिस प्रशासन में बदलाव कर दिया है।

अब नई जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना होगी। लोगों की नजर इस बात पर भी रहेगी कि हाल के घटनाक्रम के बाद पुलिस व्यवस्था में कितना बदलाव देखने को मिलता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *