तमिलनाडु हादसे के बाद झारखंड सरकार की पहल, 42 मजदूरों की घर वापसी शुरू, मृतका का शव आज पहुंचेगा रांची

तमिलनाडु गैस रिसाव हादसे के बाद झारखंड सरकार की पहल पर 42 प्रवासी मजदूरों की घर वापसी शुरू हुई, जबकि मृतका सुप्रीति देवी का पार्थिव शरीर आज रांची पहुंचेगा।

Dayanand Roy
2 Min Read

Tamil Nadu Gas Leak : तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में अमोनिया गैस रिसाव की घटना के बाद प्रभावित झारखंडी श्रमिकों की सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य सरकार ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी 42 प्रवासी मजदूरों को झारखंड लौटने की व्यवस्था कराई है।

जानकारी के मुताबिक, 21 जून को तिरुवल्लूर स्थित एक सीफूड प्रोसेसिंग यूनिट में गैस रिसाव की घटना हुई थी। हादसे के बाद झारखंड सरकार ने तमिलनाडु प्रशासन, रेलवे और अस्पताल प्रबंधन के साथ लगातार संपर्क बनाकर राहत और बचाव अभियान चलाया।

सरकार के अनुरोध पर रेलवे ने अलप्पुझा-धनबाद एक्सप्रेस में झारखंड के श्रमिकों के लिए विशेष स्लीपर कोच उपलब्ध कराया। इसके बाद सभी 42 मजदूर चेन्नई सेंट्रल स्टेशन से अपने गृह राज्य के लिए रवाना हो चुके हैं। यात्रा के दौरान भोजन, पानी और सुरक्षा की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

इस हादसे में धनबाद की रहने वाली श्रमिक सुप्रीति देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। राज्य सरकार की पहल पर शव की पहचान, पोस्टमार्टम और अन्य जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गईं। उनका पार्थिव शरीर मंगलवार शाम हवाई मार्ग से रांची लाया जा रहा है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है, जहां से शव को सम्मानपूर्वक धनबाद भेजा जाएगा।

सरकार ने यह भी कहा है कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा और अन्य वैधानिक लाभ दिलाने के लिए संबंधित कंपनी और अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। राज्य सरकार ने भरोसा दिलाया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *