RSS Office Attack : राजधानी रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल सैफ को पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि हमले के समय आरोपी ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वीडियो को कथित तौर पर विदेश में मौजूद कुछ लोगों तक पहुंचाया गया था या नहीं। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, हमले के बाद पुलिस ने सैफ समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन कोतवाली थाना की हाजत में बंद सैफ खिड़की तोड़कर फरार हो गया था। उसके फरार होने की घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई थी। आरोपी के भागने के बाद पुलिस प्रशासन पर सवाल उठे थे और उसकी तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस को बाद में सूचना मिली कि आरोपी राज्य से बाहर भागने की कोशिश कर रहा है। इसके आधार पर मांडर टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के बाद लौटने के दौरान आरोपी ने हथियार छीनकर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
गौरतलब है कि दो दिन पहले रांची के निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पर देर रात पेट्रोल बम से हमला किया गया था। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू की थी।
इस प्रकरण में अमन अंसारी और सायन खान समेत कई अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि हमले के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या साजिश तो नहीं थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है तथा मामले से जुड़े हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जा रहा है।
