जामताड़ा में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार

जामताड़ा में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जांच जारी।

Dayanand Roy
2 Min Read

जामताड़ा थाना क्षेत्र में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना काशीटांड़ जंगल क्षेत्र की है। आरोप है कि महिला की मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर तीन युवकों ने उसे अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी उसे असहाय अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।

पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन जामताड़ा थाना पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कांड संख्या 77/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया। पीड़िता की निशानदेही और प्रारंभिक जांच के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश महतो, निवास महतो और बिल्लू महतो के रूप में हुई है। सभी आरोपी जामताड़ा थाना क्षेत्र के दुलाडीह गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *